Monday, February 23, 2026
HomeUncategorizedपति की प्रताड़ना नहीं हुई सहन! महिला ने बेटी के साथ मिलकर...

पति की प्रताड़ना नहीं हुई सहन! महिला ने बेटी के साथ मिलकर उठाया खाैफनाक कदम, गंभीर हालत में टांडा अस्पताल रैफर

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के उपमंडल जोगिंद्रनगर में घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना का एक मामला सामने आया है। जोगिंद्रनगर के भराड़ू क्षेत्र स्थित आलगा-बाड़ी गांव में एक महिला ने अपनी बेटी के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों को गंभीर स्थिति में अस्पताल भर्ती करवाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 52 वर्षीय सुमना देवी और उसकी बेटी पूनम ने घर पर किसी जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों और स्थानीय लोगों को जैसे ही इसकी भनक लगी ताे तुरंत 108 एंबुलैंस को सूचित किया गया। इसके बाद दोनों मां-बेटी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (टांडा) रैफर कर दिया। बताया जा रहा है कि मां सुमना देवी की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस आत्मघाती कदम के पीछे पारिवारिक कलह और घरेलू हिंसा की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति बेसर राम कामकाज के सिलसिले में घर से बाहर रहता है। आरोप है कि जब भी वह घर लौटता, तो शराब के नशे में धुत्त होकर पत्नी और बेटी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। लंबे समय से चल रहे इस उत्पीड़न के कारण महिला मानसिक रूप से काफी परेशान थी। माना जा रहा है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर मां-बेटी ने यह खौफनाक कदम उठाया।

फिलहाल जोगिंद्रनगर पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पीड़ितों के बयान दर्ज होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या घटना के वक्त घर में कोई और भी मौजूद था या नहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments