ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
कांगड़ा जिले के देहरा क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की जान चली गई। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आदर्श कुमार निवासी गांव अंब लाहड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार को आदर्श देहरा बाजार से नए कपड़े खरीदकर अपनी बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान खबली दोसड़का के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत देहरा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन स्थिति नाजुक होने के कारण उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आदर्श गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनखंडी में 12वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों ने बताया कि उसने मात्र 22 दिन पहले ही नई बाइक खरीदी थी, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित था। आदर्श दो बहनों का इकलौता भाई और अपने माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा था। उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। पिता संजय कुमार, जो एक छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, बेटे के खोने से गहरे सदमे में हैं। आदर्श की दोनों बहनें उच्च शिक्षित होकर आत्मनिर्भर हैं, और पूरा परिवार आदर्श के उज्ज्वल भविष्य की राह देख रहा था।
पुलिस कर रही जांच
देहरा पुलिस जिला के एसपी मयंक चौधरी ने इस दुखद हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना से बनखंडी क्षेत्र और अंब लाहड़ गांव में मातम पसरा हुआ है।
