ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। प्रदेश में होने वाली राज्यसभा की एक सीट के लिए तारीख की घोषणा हो चुकी है। बता दें कि प्रदेश में 4 राज्यसभा सीटों में से कांगड़ा से इंदू गोस्वामी का कार्यकाल समाप्त होने वाला है और अब चुनाव के बाबत अधिसूचना भी जारी हो चुकी है।
16 मार्च को होंगे चुनाव
बता दें कि राज्यसभा की एक सीट के लिए 16 मार्च को चुनाव करवाए जाएंगे। जिसमें हिमाचल प्रदेश के चुने हुए सभी विधायक राज्यसभा सदस्य चुनेंगे। राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी का 9 अप्रैल को कार्यकाल खत्म होगा। जिसके बाद उनके स्थान पर किसी और सदस्य की ताजपोशी होगी।
हिमाचल से राज्यसभा में फिलहाल तीनों सीटें BJP के पास हैं । जून में इंदु गोस्वामी का कार्यकाल समाप्त होते ही एक सीट पर नया चुनाव होगा। विधानसभा के मौजूदा गणित के मुताबिक कांग्रेस के पास 40 और भाजपा के पास 28 विधायक हैं। इन्हीं विधायकों के मतों से नया सांसद चुना जाएगा। तकनीकी रूप से कांग्रेस की स्थिति मजबूत है, लेकिन 2024 की क्रॉस वोटिंग की याद पार्टी नेतृत्व को फूंक-फूंककर चलने को मजबूर कर रही है।
साल 2024 में जब राज्यसभा चुनाव हुए थे, तब कांग्रेस सत्ता में थी और बहुमत में भी। इसके बावजूद छह कांग्रेस विधायक और तीन निर्दलीय विधायकों की क्रॉस वोटिंग ने पूरा पासा पलट दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी चुनाव हार गए और भाजपा समर्थित हर्ष महाजन राज्यसभा पहुंच गए। उस घटना ने न सिर्फ सुक्खू सरकार को झकझोरा, बल्कि पूरे संगठन में अविश्वास और सतर्कता का माहौल बना दिया था।
उस झटके के बाद हुए उपचुनावों में कांग्रेस ने फिर से 40 विधायकों का आंकड़ा छुआ, लेकिन पार्टी जानती है कि संख्या ही सब कुछ नहीं होती। यही वजह है कि इस बार प्रत्याशी चयन से लेकर विधायकों की निगरानी तक हर स्तर पर हाईकमान की सीधी नजर रहने की संभावना है। संगठन के भीतर संदेश साफ है कि इस बार कोई चूक नहीं होगी।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि कांग्रेस इस बार राज्यसभा के लिए किसे मैदान में उतारेगी। क्या हाईकमान फिर किसी राष्ट्रीय चेहरे को हिमाचल भेजेगा या फिर राज्य के किसी वरिष्ठ नेता पर भरोसा जताया जाएगा? चर्चाओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा का नाम, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर के नाम घूम रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
