ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पांच वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और तैनाती के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव संजय गुप्ता द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सरकार ने मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर कई महत्वपूर्ण निगमों और जिला प्रशासन में नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में नई तैनाती
आदेशों के मुताबिक, आईएएस और सेक्रेटरी (डिजिटल टेक्नोलॉजी) आशिष सिंहमार को अब मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें सचिव (SAD, SWD और संसदीय कार्य) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उनके इस कार्यभार संभालने के बाद आईएएस राकेश कंवर SWD के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे।
निगमों और बोर्डों में फेरबदल
अरिंदम चौधरी (2014 बैच): एचपीएमसी (HPMC) के प्रबंध निदेशक को अब हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (HPSEBL) में निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) के पद पर तैनात किया गया है।
विनय सिंह (2015 बैच): वर्तमान बागवानी निदेशक को अब एचपीएमसी का नया एमडी (MD) बनाया गया है। उनके पास एचपी एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन और एचपी एग्रो इंडस्ट्रियल पैकेजिंग इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा।
तोरुल एस. रवीश (2016 बैच): कुल्लू की उपायुक्त (DC) को अब हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (HPSIDC) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन का अतिरिक्त जिम्मा भी मिला है।
कुल्लू को मिले नए उपायुक्त
कुल्लू जिले की कमान अब अनुराग चंदर शर्मा (2016 बैच) को सौंपी गई है। कुल्लू के नए डीसी नियुक्त होने से पहले वह राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEBL) में निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) के पद पर सेवाएं दे रहे थे।
