Thursday, February 19, 2026
HomeUncategorized"मेरी पत्नी मर चुकी है", कहकर शिमला की महिला से रचाई दूसरी...

“मेरी पत्नी मर चुकी है”, कहकर शिमला की महिला से रचाई दूसरी शादी, फिर महीनों तक करता रहा शारीरिक शोषण; अब खुला राज

 ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल की राजधानी शिमला में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। दरअसल, शिमला की एक 37 वर्षीय महिला ने पटियाला निवासी एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर विश्वासघात और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिमला पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। चूंकि घटनाक्रम पंजाब से जुड़ा है, इसलिए मामले को आगामी जांच के लिए पटियाला पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है।

सोशल मीडिया पर बुना गया झूठ का जाल

पीड़िता के अनुसार, फरवरी 2025 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी मुलाकात राजदीप सिंह नामक व्यक्ति से हुई। आरोपी ने महिला का विश्वास जीतने के लिए झूठ बोला कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है और वह अपनी बेटी के साथ अकेला रहता है। आरोपी के शादी के प्रस्ताव पर महिला ने अपनी और अपनी बेटी के सुरक्षित भविष्य को देखते हुए सहमति दे दी।

जालंधर के चर्च में की थी फर्जी शादी

शिकायत में खुलासा हुआ है कि 25 जुलाई, 2025 को आरोपी ने जालंधर के एक चर्च में महिला से शादी की। इसके बाद वह उसे पटियाला, अंबाला कैंट और राजपुरा सहित विभिन्न शहरों में लेकर गया, जहां उसने महिला का शारीरिक शोषण किया। इस बीच महिला को पता चला कि आरोपी की पहली पत्नी न केवल जीवित है, बल्कि उनके बीच तलाक भी नहीं हुआ है। सच सामने आने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी।

मामला स्थानांतरण

शिमला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 64(2)(m), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिमला पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया गया है। पुलिस ने बताया कि चूंकि घटनाक्रम पंजाब से जुड़ा है, इसलिए पूरा प्रकरण संबंधित थाना डिवीजन-4, जिला पटियाला को भेजा जा रहा है। संबंधित थाने को फोन और ईमेल के माध्यम से सूचित किया जा चुका है। मामले की आगे की जांच पटियाला पुलिस द्वारा की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments