“मेरा पीछा करता है…फोन पर अश्लील बातें करता है और अब बीच सड़क में…”, महिला ने दर्ज करवाई FIR

“मेरा पीछा करता है…फोन पर अश्लील बातें करता है और अब बीच सड़क में…”, महिला ने दर्ज करवाई FIR

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क(ONN) 

मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के डैहर क्षेत्र में एक मजदूर महिला के साथ लगातार छेड़छाड़, मानसिक उत्पीड़न और पीछा करने का गंभीर मामला सामने आया है। सुंदरनगर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में 37 वर्षीय पीड़ित महिला ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा करती है। पिछले काफी समय से खाई घाट निवासी बाबू राम उसे लगातार परेशान कर रहा है। महिला का आरोप है कि आरोपी अलग-अलग स्थानों पर उसका पीछा करता है और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि बाबू राम न केवल उसे फोन पर अश्लील बातें करता है, बल्कि वह उन ठेकेदारों पर भी दबाव डालता है जिनके पास महिला काम करती है। आरोपी की कोशिश है कि महिला को काम से निकलवा दिया जाए, जिससे उसकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।

पीड़िता के अनुसार बीते शनिवार को जब वह पीडब्ल्यूडी रैस्ट हाऊस डैहर के पास थी ताे उसी दाैरान आरोपी ने अपनी ऑल्टो कार रोककर उसे जबरन बात करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे गंदी गालियां दीं और मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी की इन हरकतों के कारण वह गहरे भय और तनाव में जी रही है।

पीड़िता ने शिकायत में यह भी खुलासा किया वर्ष 2025 में भी उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया था। आरोपी अब उस पुराने मामले को वापस लेने के लिए महिला पर लगातार दबाव बना रहा है और उसे धमका रहा है। वहीं मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सुंदरनगर में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और कानून के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Related posts

Leave a Comment