Tuesday, February 10, 2026
HomeUncategorizedप्रदेश में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, अंधड़ और बिजली गिरने का...

प्रदेश में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, अंधड़ और बिजली गिरने का भी अलर्ट

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में सोमवार से मौसम करवट लेगा और राज्य के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी व बारिश के आसार बने हुए हैं। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन अब मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान मौसम बदलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 9 फरवरी से एक नया वैस्टर्न डिस्टरबैंस सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 9 और 10 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 10 फरवरी को इस सिस्टम का असर अधिक रहेगा और इस दिन कुछ स्थानों पर अंधड़, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले तथा मध्य पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। विभाग का अनुमान है कि 11 फरवरी से मौसम फिर साफ हो जाएगा और 11 से 14 फरवरी तक प्रदेश में शुष्क मौसम बना रहेगा।

रविवार को पूरे राज्य में मौसम साफ रहा और धूप खिलने से दिन के तापमान में उछाल आया है। ऊना में अधिकतम तापमान 26.7 और राजधानी शिमला में 17.5 डिग्री सैल्सियस रहा। हालांकि प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों व जनजातीय इलाकों में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। विशेष रूप से जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की सर्दी दर्ज की जा रही है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर के कई क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 13.4 और ताबो में माइनस 10.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कल्पा में तापमान माइनस 1 डिग्री सैल्सियस रहा।

अन्य स्थानों की बात करें तो मनाली में 0.7, भुंतर में 2.7, सोलन में 3 और सुंदरनगर में 3.8 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कांगड़ा में 4.7, मंडी में 5.2, धर्मशाला में 5.1 और शिमला में 5.6 डिग्री सैल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 6, जुब्बड़हट्टी में 6.4, ऊना में 6.6, कसौली में 7.2, देहरा गोपीपुर में 7, पालमपुर में 8.5, नेरी में 8.9 और पांवटा साहिब में 9 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में बादल छाने और बारिश-बर्फबारी की गतिविधियों से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। हालांकि 11 फरवरी के बाद मौसम साफ होने के साथ दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ौतरी होने की संभावना है।

 

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments