Monday, February 9, 2026
HomeUncategorizedहिमाचल की महिला सरगना हरियाणा में 8 लाख की चरस के साथ...

हिमाचल की महिला सरगना हरियाणा में 8 लाख की चरस के साथ गिरफ्तार, पति पहले से काट रहा जेल में सजा

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश से नशा तस्करी का काला कारोबार चला रही एक महिला सरगना को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोनीपत क्राइम ब्रांच (कुंडली) ने कुल्लू की रहने वाली राधा देवी को उसके साथी के साथ धर दबोचा। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब अढ़ाई किलो चरस बरामद की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 8 लाख रुपए से अधिक आंकी जा रही है।

कुल्लू से कंट्रोल हो रहा था तस्करी का सिंडिकेट

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार महिला राधा देवी जिला कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) की रहने वाली है और वहीं से अपना पूरा सिंडिकेट ऑप्रेट कर रही थी। वह केवल एक मोहरा नहीं, बल्कि खुद गिरोह की सरगना है। उसने हरियाणा और पंजाब के तस्करों के साथ मिलकर एक मजबूत नैटवर्क तैयार किया था। मोटी कमाई के चक्कर में उसने सप्लाई चेन की कमान खुद अपने हाथों में ले रखी थी।

विरासत में मिला नशे का धंधा

राधा देवी का पूरा परिवार नशे के काले कारोबार में डूबा हुआ है। पुलिस के अनुसार उसके पिता की मौत हो चुकी है, जो पहले हरियाणा के युवाओं को नशा सप्लाई करने का काम करता था। वहीं, महिला का पति वर्तमान में पंजाब की एक जेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत सजा काट रहा है। पारिवारिक पृष्ठभूमि अपराधी होने के कारण राधा ने भी इसी रास्ते को चुना और कुल्लू की चरस को मैदानी इलाकों में खपाना शुरू कर दिया।

पकड़े जाने के डर से पब्लिक ट्रांसपोर्ट में करती थी सफर

हिमाचल से चरस की खेप लेकर निकलते वक्त राधा देवी बेहद शातिर तरीका अपनाती थी। वह अपनी निजी गाड़ी के बजाय (रोडवेज बसों) का इस्तेमाल करती थी ताकि पुलिस और नाकों पर किसी को शक न हो। वह खुद कुरियर बनकर चरस की डिलीवरी देने सोनीपत पहुंची थी, जहां वह अपने साथी नरेश के साथ पकड़ी गई।

खुफिया सूचना ने बिगाड़ा खेल

क्राइम ब्रांच कुंडली के प्रभारी इंस्पैक्टर जितेंद्र हुड्डा ने मामले की पुष्टि करते हुआ बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुल्लू की रहने वाली एक बड़ी महिला तस्कर चरस की बड़ी खेप लेकर सोनीपत आ रही है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और घेराबंदी कर राधा देवी और उसके साथी नरेश को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अढ़ाई किलो चरस बरामद हुई।

हिमाचल कनैक्शन खंगाल रही पुलिस

सोनीपत पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कुल्लू में राधा देवी को यह चरस कौन उपलब्ध कराता था और हिमाचल के कौन-कौन से बड़े तस्कर उसके संपर्क में थे। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कुल्लू और आसपास के इलाकों में सक्रिय कई अन्य नशा तस्करों के चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments