Monday, February 9, 2026
HomeUncategorizedक्वाणु HRTC बस हादसा: जिंदगी की जंग हारा चालक दिनेश, PGI में...

क्वाणु HRTC बस हादसा: जिंदगी की जंग हारा चालक दिनेश, PGI में तोड़ा दम

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक दिनेश कुमार शर्मा का देर रात पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया। वह बीते पांच दिनों से उपचाराधीन थे। रात करीब 2 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

जानकारी के अनुसार, 3 फरवरी को चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी बस उत्तराखंड के क्वाणु के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। बस में चालक सहित कुल 34 यात्री सवार थे। हादसे में चालक दिनेश कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनके सीने में गहरी चोटें आई थीं। हादसे के बाद पहले उन्हें विकासनगर अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। उपचार के दौरान शनिवार तक उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा था, लेकिन बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया।

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के चालक-परिचालक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर ने बताया कि दिवंगत चालक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेरवा में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम ने एक अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ चालक को खो दिया है। बता दें कि इस बस हादसे में चालक की मौत के बाद अब मृतकों की संख्या 4 पहुंच गई है। इससे पहले हादसे में दो महिलाओं सहित तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।

उधर हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी चालक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की क्वाणु बस दुर्घटना में उपचाराधीन चालक दिनेश कुमार के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।

चौपाल से पांवटा साहिब जा रही बस के पास लेते समय उत्तराखंड के क्वाणु में डंगा बैठने से वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक दिनेश कुमार का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा था, जहां देर रात वे जीवन की जंग हार गए। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments