Saturday, February 7, 2026
HomeUncategorizedसावधान हिमाचल! दो दिन जमकर होगी बारिश-बर्फबारी : 4 जिलों में छाएगा...

सावधान हिमाचल! दो दिन जमकर होगी बारिश-बर्फबारी : 4 जिलों में छाएगा घना कोहरा, अलर्ट जारी

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में आज और कल मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन इसके बाद सर्दी का असर एक बार फिर तेज होने की संभावना है।

फिर करवट बदलेगा मौसम

9 फरवरी से राज्य में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 और 11 फरवरी को इस पश्चिमी विक्षोभ का असर और ज्यादा बढ़ेगा।

इन दो दिनों के दौरान पूरे हिमाचल प्रदेश में अच्छी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा और मंडी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का असर देखने को मिल सकता है।

4 जिलों में घना कोहरा

बारिश और बर्फबारी से पहले प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने आज घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों के निचले इलाकों में सुबह के समय, विशेषकर 10 बजे तक, कोहरा छाए रहने की संभावना है।

IMD के अनुसार, इन क्षेत्रों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक पहुंच सकती है, जिससे सड़क यातायात और रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इन जिलों में पिछले चार दिनों से लगातार कोहरा पड़ रहा है, जिससे लोगों को ठंड के साथ-साथ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मैदानी इलाके बने ज्यादा ठंडे

घने कोहरे के कारण प्रदेश के निचले इलाकों में सुबह, शाम और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग दिन में भी आग के अलाव जलाने को मजबूर हैं। हैरानी की बात यह है कि इस समय मैदानी इलाके राजधानी शिमला से भी ज्यादा ठंडे हो चुके हैं।

जहां शिमला में दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं निचले इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। ठंडी हवाओं और कोहरे की वजह से सर्दी का असर ज्यादा तीव्र महसूस किया जा रहा है।

जब तक कोहरा, तब तक ठंड से राहत नहीं

मौसम विभाग का कहना है कि जब तक कोहरे से राहत नहीं मिलती, तब तक निचले इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप बना रहेगा। कोहरे के चलते प्रदेश के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, कोहरा सूर्य की किरणों को जमीन तक पहुंचने से रोकता है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो पाती और ठंड लंबे समय तक बनी रहती है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

अगले कुछ दिन सतर्क रहने की जरूरत

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और आवश्यक न हो तो सुबह-सुबह यात्रा से बचें। वहीं 9 फरवरी के बाद पहाड़ी इलाकों में जाने वाले पर्यटकों को भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments