ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
बातामंडी निवासी 42 वर्षीय जितेंदर, जो मुँह के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, उनके इलाज के लिए अब सामाजिक स्तर पर मदद का दायरा बढ़ने लगा है। इसी क्रम में मज़दूर नेता प्रदीप चौहान ने आगे आकर पीड़ित परिवार की आवाज़ बुलंद की और लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।

प्रदीप चौहान ने बताया कि जितेंदर एक साधारण मज़दूर परिवार से ताल्लुक रखते हैं और अपने बूढ़े माँ-बाप का एकलौता सहारा हैं। परिवार में उनकी पत्नी, जो शिलाई क्षेत्र के टिंबी की रहने वाली हैं, और एक 15 महीने का मासूम बेटा भी है। कमजोर आर्थिक हालात के चलते महंगे इलाज का खर्च परिवार के लिए भारी पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से जितेंदर की जान बच सकती है, लेकिन पैसों की कमी इस समय सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर मदद करनी चाहिए।
मज़दूर नेता ने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यह सिर्फ़ एक व्यक्ति की मदद का मामला नहीं है, बल्कि एक पिता, एक बेटे और एक पूरे परिवार को बचाने की ज़िम्मेदारी है। अगर हर व्यक्ति थोड़ा-थोड़ा सहयोग करे, तो इस परिवार को टूटने से बचाया जा सकता है।
उन्होंने आम जनता, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे आगे आकर जितेंदर के इलाज के लिए आर्थिक सहयोग करें और इस अपील को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएँ।
