Sunday, February 22, 2026
HomeUncategorizedफिर बिगड़ेगा मौसम, 3 दिन तक बारिश व बर्फबारी का यैलो अलर्ट

फिर बिगड़ेगा मौसम, 3 दिन तक बारिश व बर्फबारी का यैलो अलर्ट

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

एक साथ 2 पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में मौसम फिर करवट बदलेगा। 30 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसके असर से 31 जनवरी और एक फरवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि एक फरवरी को कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के साथ यैलो अलर्ट जारी किया है।

2 फरवरी से फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 2 व 3 फरवरी को भी मौसम खराब रहेगा। 4 फरवरी से मौसम साफ रहेगा। बुधवार रात को किन्नौर जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों कल्पा और रिकांगपिओ में हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई, जिससे ठंड और बढ़ गई है। उधर, बर्फबारी और शीतलहर के बीच जनजीवन को पटरी पर लाने की चुनौती भी प्रशासन के सामने बनी हुई है।

जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 9.8 डिग्री सैल्सियस, कुकुमसेरी में माइनस 8.5, भरमौर में माइनस 5, कल्पा में माइनस 3.6, मनाली में माइनस 0.9, नारकंडा में माइनस 1 और सराहन में माइनस 0.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार बर्फबारी के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं और सुबह के समय घना कोहरा भी परेशानी बढ़ा रहा है। विभाग ने बताया कि आज प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में मामूली बढ़ौतरी हो सकती है, लेकिन मैदानी और निचले क्षेत्रों में अगले एक-दो दिनों तक सुबह के समय घने कोहरे की संभावना बनी रहेगी।

3 नैशनल हाईवे और 652 सड़कें बंद, 669 ट्रांसफार्मर ठप्प

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में 3 नैशनल हाईवे और कुल 652 सड़कें बंद हैं। सुबह तक 4 नैशनल हाईवे और 788 सड़कें बंद थीं, जिसमें से 1 नैशनल हाईवे और 136 सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। बंद नैशनल हाईवे में एन.एच.-03, 505 व 305 अवरुद्ध हैं, जबकि जिलावार आंकड़ों के मुताबिक लाहौल-स्पीति में सबसे ज्यादा 285 सड़कें अवरुद्ध हैं, शिमला में 135, मंडी में 77, कुल्लू में 80, चम्बा में 40 और किन्नौर में 27 सड़कें बंद हैं। बिजली व्यवस्था को भी भारी नुक्सान पहुंचा है और प्रदेश में अब कुल 669 ट्रांसफार्मर बंद हैं, जबकि बुधवार को 3237 ट्रांसफार्मर ठप्प पड़े हुए थे। हालांकि बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया है, लेकिन अभी भी कुछ इलाकों में ब्लैकआऊट की स्थिति बनी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में 147 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments