7 C
New York
Sunday, April 12, 2026

Buy now

Paonta Sahib: अनपढ़ नशेड़ी पति से हड़प ली जमीन, न्याय को दर-दर भटकती पत्नी..

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

अनपढ़ता और शराब की लत किस तरह पूरे परिवार की जिंदगी तबाह कर सकती है, इसका ताजा उदाहरण सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में सामने आया है। यहां एक महिला अपने आंसुओं और टूटे सपनों के साथ न्याय की गुहार लगाते हुए उपायुक्त सिरमौर के कार्यालय पहुंची। पीड़िता की आंखों में बेबसी साफ झलक रही थी और जुबान पर सिर्फ एक सवाल था कि अब वह अपने बच्चों के साथ कहां जाएगी।

पीड़िता ने बताया कि उसके पति जगु अनपढ़ हैं और लंबे समय से शराब के आदी हैं। इसी कमजोरी का फायदा उठाकर एक प्रॉपर्टी डीलर ने कथित रूप से उन्हें शराब पिलाकर धोखे से उनकी पूरी जमीन अपने नाम करवा ली। महिला का कहना है कि उनके पास कुल दो बीघा जमीन थी, जिस पर परिवार का भविष्य टिका हुआ था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें एक छोटा सा घर जरूर मिला, लेकिन अब जमीन के कागजात भी हाथ से निकल जाने के बाद उनका सहारा भी छिन गया है।

महिला ने बताया कि जैसे ही उसे इस कथित धोखाधड़ी की जानकारी मिली, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने पहले पंचायत प्रधान, ग्राम सभा और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कहीं से भी उसे न्याय नहीं मिला। हर दरवाजा खटखटाने के बाद जब कहीं सुनवाई नहीं हुई, तो मजबूर होकर वह प्रशासन के पास पहुंची।

आंसुओं में डूबी महिला ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं। यदि जमीन और घर पर उसका अधिकार नहीं मिला, तो उसका परिवार सड़क पर आ जाएगा। उसने सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाया गया है, तो फिर किस आधार पर पटवारी और तहसीलदार ने कथित रूप से ठेकेदार के कहने पर जमीन का हस्तांतरण कर दिया।

इस मामले को लेकर जब तहसीलदार ऋषभ शर्मा से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें भी शिकायत मिली है। फिलहाल जमीन के इंतकाल पर रोक लगा दी गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों संग सड़क पर आ जाएगा परिवार..

पीड़िता ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उसने कहा कि वह किसी से भीख नहीं मांग रही, बस अपने बच्चों के साथ अपने ही घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीना चाहती है। महिला ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो उसका परिवार पूरी तरह बेघर हो जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles