ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
कांशीवाला क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। इस क्षेत्र में अचानक सामने आए पशुओं के झुंड के कारण एक नाबालिग किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था और अचानक सड़क पर पशुओं के आने से उसका संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमन खान के रूप में हुई है, जो विक्रमबाग गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि अमन अपनी बाइक (नंबर HR-71 H2325) से एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान, गायों का एक झुंड सड़क पर अचानक सामने आ गया। पशुओं से टकराने से बचने के लिए अमन ने जैसे ही बाइक मोड़ी, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सामने से आ रही एक अन्य बस की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच ग़ई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमन को तुरंत नजदीकी साईं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई गंभीर चोटें उसकी मौत का कारण बनीं। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज नाहन में करवाया गया।
