ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के उपमंडल संगड़ाह के गांव सैंज में शादी समारोह के दौरान एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। गांव की 44 वर्षीय वीना देवी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उनके तीन बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया।
जानकारी के अनुसार वीना देवी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। समारोह में वह अन्य लोगों के साथ नाच-गा रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। पहले लोगों ने इसे सामान्य परेशानी समझा, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह लेकर पहुंचे, मगर अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले वीना देवी के पति का भी निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद उन्होंने खेती-बाड़ी और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार को संभाला। तीनों बच्चों का पालन-पोषण किया। ग्रामीणों के अनुसार वह बेहद मेहनती और संघर्षशील महिला थीं, जिन्होंने हर मुश्किल परिस्थिति में अपने बच्चों को संभाले रखा।
महिला की अचानक मौत से अब दो बेटियों और एक बेटे के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ चुका है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चों की आर्थिक सहायता और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। गांव में गमगीन माहौल के बीच वीना देवी का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम थीं।
